किलकारी में पुस्तकालय आधारित खेल गतिविधियों का आयोजन, 50 बच्चों ने लिया भाग

0
IMG-20260201-WA0001.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 01 फरवरी 2026,

गयाजी; बिहार बाल भवन किलकारी, गयाजी में पुस्तकालय से जुड़ी विभिन्न खेलात्मक शैक्षणिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में गयाजी जिले के सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों से आए कुल 50 बच्चों ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य बच्चों में पढ़ने की रुचि विकसित करना और खेल-खेल में सीखने की प्रक्रिया को मजबूत करना रहा।

खेल-खेल में पढ़ाई का दिया गया संदेश

कार्यक्रम के दौरान किलकारी की प्रमंडल संसाधन सेवी सोनम कुमारी ने बच्चों को बताया कि पढ़ाई को बोझ न मानकर खेल के माध्यम से कैसे रोचक बनाया जा सकता है। उन्होंने व्यावहारिक उदाहरणों के जरिए बच्चों को सीखने के नए तरीके सिखाए। इस अवसर पर किलकारी के कई प्रशिक्षक एवं कर्मी भी मौजूद रहे।

पढ़ाई से जुड़ाव बढ़ाने में सहायक ऐसे आयोजन : समन्वयक

प्रमंडल कार्यक्रम समन्वयक राजीव रंजन श्रीवास्तव ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों का मनोबल बढ़ता है और पढ़ाई के प्रति उनका जुड़ाव मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में जब बच्चे मोबाइल से अधिक जुड़े हुए हैं, तब इस प्रकार की खेल आधारित शैक्षणिक गतिविधियां उनके भविष्य के लिए बेहद लाभकारी साबित हो सकती हैं।

तीन बाल केंद्रों में चल रही अलग-अलग रचनात्मक गतिविधियां

किलकारी के अंतर्गत संचालित विभिन्न बाल केंद्रों में भी रचनात्मक गतिविधियां जारी हैं।
🔹चेरकी बाल केंद्र में चित्रकला की नियमित कार्यशाला चल रही है।
🔹चांद चौराहा बाल केंद्र में नाटक की प्रस्तुति दी गई, जिसमें बाल सहयोगी सृष्टि कुमारी एवं कोऑर्डिनेटर अर्पणा सिन्हा सहित प्रशिक्षक शामिल रहे।
🔹मानपुर बाल केंद्र में रविवार को बच्चों द्वारा चित्रकला एवं हस्तकला की प्रदर्शनी लगाई गई, जहां बच्चों ने अपनी कलाकृतियों से केंद्र को आकर्षक रूप से सजाया।

अभिभावकों और प्रशिक्षकों ने की सराहना

मानपुर बाल केंद्र में लगी प्रदर्शनी को देखकर अभिभावक, बच्चे एवं प्रशिक्षक काफी प्रसन्न नजर आए। बच्चों की रचनात्मकता और प्रस्तुति की सभी ने जमकर सराहना की।

बाल केंद्र संचालन को बेहतर बनाने पर हुई बैठक

बच्चों के हित में बाल केंद्रों के संचालन को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से बाल भवन किलकारी, गयाजी में सभी बाल केंद्रों के समन्वयकों एवं संबंधित स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल भवन के सभी कर्मी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे और भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page