रबर डैम के पास ओपन एयर थिएटर का होगा निर्माण, एनसीएपी के तहत गयाजी में कई विकास परियोजनाओं को स्वीकृति
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 11 फरवरी 2026
गयाजी। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम (NCAP) के अंतर्गत समाहरणालय सभागार में जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर में वायु गुणवत्ता सुधार एवं सौंदर्यीकरण से जुड़ी प्रस्तावित परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की गई तथा कई कार्यों को स्वीकृति प्रदान की गई।
प्रवेश बिंदुओं पर पेवमेंट व वेलकम गेट निर्माण को मंजूरी
बैठक में सिकरिया मोड़, सीताकुंड बायपास पुल तथा गया–पटना मार्ग के समीप प्रमुख प्रवेश बिंदुओं पर पेवमेंट कार्य एवं वेलकम गेट निर्माण की स्वीकृति दी गई। साथ ही वायु प्रदूषण से संबंधित जानकारी प्रदर्शित करने हेतु माउंटेड टॉवर की स्थापना एवं वृक्षारोपण कार्य को भी मंजूरी मिली है।
रबर डैम के पास ओपन एयर थिएटर का निर्माण
गयाजी डैम (रबर डैम) के समीप ओपन एयर थिएटर के निर्माण, पेवमेंट विकास एवं व्यापक वृक्षारोपण कार्य के प्रस्ताव को भी स्वीकृति प्रदान की गई। इससे क्षेत्र को पर्यटन एवं जन-सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए विकसित किया जाएगा।
जे.पी. झरना से नाजरथ अकादमी तक मार्ग का विकास
जे.पी. झरना से नाजरथ अकादमी तक सड़क किनारे पेवमेंट निर्माण, हरित पट्टी विकसित करने हेतु वृक्षारोपण तथा सुव्यवस्थित वेंडिंग जोन के निर्माण को भी मंजूरी दी गई। इसका उद्देश्य यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करना एवं अनियमित अतिक्रमण को नियंत्रित करना है।
“मोक्ष धाम गया जी” व दिघी तालाब का सौंदर्यकरण
“मोक्ष धाम गया जी” में प्रकाश सज्जा सहित डिस्प्ले कार्य को स्वीकृति प्रदान की गई है, जिससे धार्मिक एवं पर्यटन दृष्टि से क्षेत्र को आकर्षक बनाया जा सके। इसके अतिरिक्त दिघी तालाब के सौंदर्यकरण कार्य को भी हरी झंडी दी गई।
त्वरित क्रियान्वयन के निर्देश
जिला पदाधिकारी ने नगर आयुक्त गया नगर निगम अभिषेक पलाशिया को निर्देश दिया कि सभी स्वीकृत योजनाओं का शीघ्र एस्टीमेट/प्राक्कलन तैयार कर कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि गयाजी शहरी क्षेत्र को अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सके। बैठक में नगर निगम के आर्किटेक्ट एवं अन्य अभियंतागण भी उपस्थित रहे।