कली मर्दन श्री वेंकटेश मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ का शुभारंभ
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 03 फरवरी 2026,
गयाजी। जिले के खिजरसराय प्रखंड अंतर्गत मार्तण्ड कात्यायनि शक्ति पीठ, गौहरपुर (कुडवा) में आयोजित कली मर्दन श्री वेंकटेश सनातनी मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ का आज 03 फरवरी 2026 (मंगलवार) को विधिवत शुभारंभ हो गया। यह आयोजन शिव पंचानन पंचमुखी महादेव एवं ब्रह्म कल्कि अवतार की सनातनी अवधारणा के अनुरूप सम्पन्न किया जा रहा है।
कलश जल यात्रा के साथ यज्ञ अनुष्ठान की शुरुआत
महायज्ञ के प्रथम दिन प्रातःकाल कलश जल यात्रा का आयोजन किया गया। भक्त-श्रद्धालुओं के साथ उदेरा स्थान से विधिपूर्वक जल-ग्रहण कर प्रायश्चित कर्म संपन्न किया गया, जिसके उपरांत यज्ञ मंडप में प्रवेश कराया गया। पूरे मार्ग में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
सनातन चेतना का संरक्षण ही महायज्ञ का मूल उद्देश्य
इस अवसर पर कात्यायनि शक्ति पीठ के संस्थापक जलेश्वर नाथ पाण्डेय के द्वारा धर्म की वर्तमान स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए जन-संकल्प के माध्यम से सनातनी भाव को स्पष्ट रूप से रखा गया। उन्होंने कहा कि कली मर्दन भाव और सनातन चेतना का संरक्षण ही इस महायज्ञ का मूल उद्देश्य है, जिससे समाज में आध्यात्मिक जागरण और धर्म-संरक्षण का मार्ग प्रशस्त हो सके।
11 फरवरी तक चलेगा महायज्ञ
उल्लेखनीय है कि 03 फरवरी से 11 फरवरी 2026 तक चलने वाले इस महायज्ञ के अंतर्गत नगर परिक्रमा, वेदी निर्माण, अग्नि स्थापना, प्राण-प्रतिष्ठा एवं विशेष पूजन सहित अनेक वैदिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। समापन के दिन प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
ग्रामीणों और कात्यायनि परिवार की सामूहिक सहभागिता
इस धार्मिक आयोजन में समस्त गौहरपुरवासी, कात्यायनि परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर यज्ञ अनुष्ठान को सफल बनाने का संकल्प लिया और सनातन धर्म के संरक्षण हेतु एकजुटता का संदेश दिया।