जहानाबाद में मैट्रिक परीक्षा 2026 की तैयारियां तेज, डीएम ने अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 14 फरवरी 2026,
जहानाबाद: वार्षिक माध्यमिक (सैद्धांतिक) परीक्षा 2026 के शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त संचालन को लेकर जिला पदाधिकारी अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में ग्राम प्लैक्स भवन में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, केंद्राधीक्षकों, वीक्षकों, जोनल एवं सुपर जोनल दंडाधिकारियों के साथ विस्तृत ब्रिफिंग आयोजित की गई। यह परीक्षा बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा 17 फरवरी 2026 से 25 फरवरी 2026 तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी।
9 बजे के बाद प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित
डीएम ने सख्त निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केंद्र पर सुबह 09:00 बजे के बाद प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी दंडाधिकारी, केंद्राधीक्षक एवं पुलिस पदाधिकारी इसका कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। पहली पाली सुबह 09:30 से 12:45 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 02:00 से 05:15 बजे तक संचालित होगी।
15 परीक्षा केंद्र, चार स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था
जिले में कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं—
🔹08 केंद्र जहानाबाद मुख्यालय में
🔹04 केंद्र काको प्रखंड में
🔹03 केंद्र मखदुमपुर प्रखंड में
परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने हेतु चार स्तरीय दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।
🔹सुपर जोनल दंडाधिकारी: 2-2 पदाधिकारी
🔹जोनल दंडाधिकारी: 3-3 पदाधिकारी
🔹प्रत्येक केंद्र पर 2 स्टैटिक दंडाधिकारी (कुल 32)
आवश्यकतानुसार सुरक्षित दंडाधिकारी भी उपलब्ध रहेंगे
प्रश्न पत्र वितरण और सुरक्षा के कड़े प्रावधान
गश्ती दंडाधिकारी प्रथम पाली के प्रश्न पत्र सुबह 08:00 से 08:45 बजे तक तथा द्वितीय पाली के प्रश्न पत्र 11:30 से 12:30 बजे तक प्राप्त कर परीक्षा प्रारंभ होने से कम-से-कम एक घंटा पूर्व सीलबंद पैकेट केंद्राधीक्षक को सौंपेंगे। किसी भी स्थिति में प्रश्न पत्र कक्ष से बाहर नहीं जाएगा। गड़बड़ी की स्थिति में केंद्राधीक्षक को सीधे जिम्मेदार माना जाएगा। परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाएं बज्रगृह में जमा कराई जाएंगी।
सीसीटीवी निगरानी, मोबाइल व इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पर पूर्ण प्रतिबंध
सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। परीक्षा हॉल में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, पेजर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण प्रतिबंधित रहेंगे।
🔹परीक्षार्थी जूता एवं घड़ी पहनकर प्रवेश नहीं करेंगे।
🔹प्रत्येक कक्ष में दीवार घड़ी एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था अनिवार्य की गई है।
🔹महिला परीक्षार्थियों की तलाशी महिला कर्मियों द्वारा ही ली जाएगी।
किसी भी वीक्षक, दंडाधिकारी या पुलिस कर्मी को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं होगी। केवल केंद्राधीक्षक को मोबाइल रखने की अनुमति रहेगी।
200 मीटर क्षेत्र में धारा 144 लागू
अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा सभी परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में धारा 144 लागू की गई है। परीक्षा अवधि में फोटो कॉपी की दुकानों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा अवधि में किसी भी प्रकार के लाउडस्पीकर की अनुमति न दी जाए।
यातायात और विधि-व्यवस्था पर विशेष नजर
मलहचक मोड़, काको मोड़ रेलवे अंडरपास एवं अन्य भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात पुलिस की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित की जाएगी। सभी पुलिस कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि वे समय पर केंद्रों पर पहुंचें तथा 200 मीटर क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण एवं शांति व्यवस्था बनाए रखें।
जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना
परीक्षा के सफल संचालन हेतु जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है। इसका दूरभाष संख्या 06114-223013 है, जो अनुमंडल कार्यालय में संचालित रहेगा।
जीरो टॉलरेंस नीति पर प्रशासन का जोर
डीएम ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन जीरो टॉलरेंस नीति अपना रहा है। किसी भी प्रकार की लापरवाही या कदाचार पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।