जिला प्रशासन ने उद्योगों की समस्याओं के समाधान के लिए सिंगल विंडो कोषांग का किया गठन, पहली बैठक आयोजित

0
1768231920928.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 12 जनवरी 2026,

गयाजी, जिले में औद्योगिक गतिविधियों को गति देने तथा उद्योगों से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में सिंगल विंडो कोषांग का गठन किया गया है। यह निर्णय जिले के औद्योगिक प्रतिनिधियों के साथ पूर्व में आयोजित बैठक में प्राप्त सुझावों एवं अनुरोधों के अनुपालन में लिया गया है। सिंगल विंडो के माध्यम से उद्योग प्रतिनिधि विभिन्न विभागों से संबंधित अपने सुझाव, शिकायतें एवं समन्वय की आवश्यकता को सीधे बैठक में रख सकेंगे।

प्रत्येक माह होगी सिंगल विंडो की बैठक

सिंगल विंडो कोषांग की बैठक प्रत्येक माह आयोजित की जाएगी। इसी क्रम में सोमवार को समाहरणालय सभागार में पहली बैठक आयोजित हुई, जिसमें जिले के विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि, मानपुर पटवाटोली बुनकर समिति, चैंबर ऑफ कॉमर्स सहित उद्योग से जुड़े विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

गयाजी में उद्योग विस्तार पर जोर, ब्लूप्रिंट और मैप तैयार करने का निर्देश

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि बिहार में उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण बन रहा है और गयाजी जिला भी इसमें पीछे नहीं है। उन्होंने जिले में उद्योग विस्तार को लेकर सामाजिक संगठनों के साथ गहन चर्चा की बात कही।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि गयाजी जिले में किन-किन क्षेत्रों में उद्योगों का क्लस्टर है, उसका ब्लूप्रिंट तैयार कराया जाए। साथ ही, किस क्षेत्र में किस प्रकार के उद्योग संचालित हैं, इसका डिटेल्ड मैप तैयार करने का निर्देश जिला उद्योग पदाधिकारी को दिया गया।

मानपुर पटवाटोली बुनकरों को प्राथमिकता देने का आश्वासन

मानपुर बुनकर समिति ने मानपुर बियाडा के समीप सरकारी भूमि पर अतिक्रमण का मुद्दा उठाया और उसे हटवाने की मांग की। प्रेम नारायण पटवा ने बुनकर क्षेत्र के विस्तार की आवश्यकता पर जोर देते हुए बताया कि वर्तमान में 23 एकड़ भूमि में विस्तार हुआ है तथा 470 बुनकरों ने उद्योग लगाने की इच्छा जताई है। इस पर जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि पटवाटोली के बुनकरों को मानपुर में उद्योग स्थापना के लिए भूमि आवंटन में पहली प्राथमिकता दी जाएगी।

पटवाटोली में 1000 यूनिट, 25–30 हजार कामगार कार्यरत

बैठक में बताया गया कि मानपुर पटवाटोली क्षेत्र में वर्तमान में लगभग 1000 यूनिट कल-कारखाने संचालित हैं, जिनमें 25 से 30 हजार कामगार कार्यरत हैं। फिलहाल यहां एक ही शिफ्ट में कार्य हो रहा है।

46 एकड़ सरकारी भूमि के एक्सप्लोरेशन का निर्देश

जिला पदाधिकारी ने अपर समाहर्ता (राजस्व) को निर्देश दिया कि मानपुर पटवाटोली के समीप स्थित 46 एकड़ सरकारी भूमि की स्थिति का गहन निरीक्षण कर उसे एक्सप्लोर किया जाए, ताकि भविष्य में औद्योगिक उपयोग की संभावनाएं तलाशी जा सकें।

कामगार प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण की योजना

मानपुर पटवाटोली के समीप गोपालपुर क्षेत्र में सहकारिता विभाग की सरकारी भूमि पर कामगार प्रशिक्षण केंद्र के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। इसका उद्देश्य स्थानीय लोगों को प्रशिक्षण देकर रोजगार सृजन करना है। जिला पदाधिकारी ने जिला उद्योग पदाधिकारी को इस संबंध में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

लाइसेंस नवीकरण में आ रही समस्याओं पर चिंता

उद्योग प्रतिनिधियों ने औद्योगिक प्रोत्साहन नीति के तहत विभिन्न विभागों से समय-समय पर लाइसेंस नवीकरण में आ रही कठिनाइयों की ओर ध्यान आकृष्ट कराया। विशेष रूप से प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का कार्यालय पटना में होने के कारण लाइसेंस निर्गमन एवं नवीकरण में विलंब की समस्या बताई गई। इस पर जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, अग्निशमन, बिजली, राजस्व सहित संबंधित विभाग समय-समय पर कैंप लगाकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।

धनावा-दुबहल औद्योगिक क्षेत्र में ड्रेनेज व बिजली समस्या

बैठक में धनावा-दुबहल (बोधगया) स्थित छोटे औद्योगिक क्लस्टर में ड्रेनेज सिस्टम की कमी, नालियों की सफाई तथा अन्य बुनियादी समस्याओं की जानकारी दी गई। जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद बोधगया के कार्यपालक पदाधिकारी को पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर समस्याओं के समाधान का निर्देश दिया। साथ ही औद्योगिक बिजली फीडर में घरेलू कनेक्शन जुड़े होने से वोल्टेज समस्या की बात सामने आई। इस पर कार्यपालक अभियंता, बिजली विभाग को निर्देश दिया गया कि औद्योगिक फीडर को अलग रखा जाए और घरेलू कनेक्शनों को अन्यत्र शिफ्ट कराया जाए।

बैठक में ये रहे उपस्थित

बैठक में अध्यक्ष वस्त्र बुनकर सेवा समिति, अध्यक्ष केंद्रीय बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स, बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्य, अध्यक्ष मगध इंडस्ट्रीज एसोसिएशन व सचिव, अध्यक्ष मगध बुनकर कल्याण सेवा समिति, अध्यक्ष साउथ बिहार इंडस्ट्रीज एसोसिएशन सहित नगर आयुक्त गयाजी नगर निगम, अपर समाहर्ता राजस्व, कार्यपालक अभियंता बिजली एवं पथ निर्माण विभाग, राज्य कर संयुक्त आयुक्त अंचल-02, जिला प्रदूषण नियंत्रण पदाधिकारी, जिला अग्निशमन पदाधिकारी, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक तथा उप महाप्रबंधक बियाडा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page