दौलत की लालच! जिंदा मां को बेटा ने ‘मृत’ करवा दिया, पुस्तैनी मकान पर कर लिया कब्जा
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 22 नवम्बर 2025,
गयाजी; दौलत की लालच में इंसान किस हद तक गिर सकता है, इसका शर्मनाक उदाहरण गया जी शहर में सामने आया है। यहां एक बेटे ने अपनी जीवित मां को मृत घोषित कर न सिर्फ मृत्यु प्रमाणपत्र बनवा लिया, बल्कि उसी के आधार पर पुस्तैनी संपत्ति अपने नाम भी करवा ली।
जिंदा मां को ‘ज़िंदा ही मार दिया’
गयाजी रेलवे स्टेशन के गुरुद्वारा रोड स्थित गोसाईबाग निवासी मीणा देवी को तब यह बड़ा झटका लगा जब उन्हें पता चला कि उनके बेटे दिलीप कुमार ने शपथपत्र देकर उनकी मृत्यु दिनांक 28 फरवरी 2024 दर्ज करवा दी है। नगर निगम ने उसी आधार पर मृत्यु प्रमाणपत्र जारी भी कर दिया। मीणा देवी ने जब इस पूरे मामले का खुलासा किया तो उनकी दुनिया ही हिल गई। आखिर वो जिंदा होकर कैसे मर सकती हैं?
नगर निगम से न्याय की गुहार
जीवित मीणा देवी ने अब गयाजी नगर निगम का दरवाजा खटखटाया है। उनका स्पष्ट सवाल है –
“जब मैं जिंदा हूं तो मेरा मृत्यु प्रमाणपत्र कैसे जारी किया गया?”
नगर निगम ने भी शिकायत मिलते ही तत्काल इस फर्जी प्रमाणपत्र की जांच शुरू कर दी है।
बेटे ने दिया था झूठा शपथपत्र, दो लोगों ने दी गलत गवाही
जांच में सामने आया कि दिलीप कुमार ने कार्यपालक दंडाधिकारी के समक्ष शपथपत्र देकर कहा था कि उनकी मां की मृत्यु घर पर हो गई है। इसके बाद सांख्यिकी विभाग के कर्मचारी धीरेंद्र द्वारा की गई स्थलीय जांच में बाबूलाल और शंकर प्रसाद नामक दो लोगों ने लिखित गवाही दी कि मीणा देवी का निधन हो चुका है। दोनों ने आधार कार्ड व मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया।
वार्ड पार्षद ने बिना जांच के दे दी प्रमाणिकता
वार्ड नंबर 17 की पार्षद सोनी देवी ने भी बिना किसी सत्यापन के अपने लेटर पैड पर लिखकर मीणा देवी के मौत की पुष्टि कर दी और इसी दस्तावेज के आधार पर प्रमाणपत्र प्रक्रिया पूरी की गई।
जालसाज बेटे की तलाश शुरू
फर्जी दस्तावेज़ के ज़रिए संपत्ति हड़पने की कोशिश करने वाले बेटे दिलीप कुमार की तलाश निगम प्रशासन द्वारा शुरू कर दी गई है। वहीं संपत्ति को जल्द ही मां के नाम बहाल करने की प्रक्रिया भी शुरू होगी।
बड़ा सवाल – दोषियों पर क्या होगी कार्रवाई?
मीणा देवी को तो अब न्याय मिलने की उम्मीद है, लेकिन—
कु#पुत्र, झूठी गवाही देने वालों और जिम्मेदारी निभाने में विफल वार्ड पार्षद की क्या जवाबदेही तय होगी? जांच जारी है, और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।