गया परिसदन में एनडीए–भाजपा नेताओं की अहम बैठक, बजट पर हुई विस्तृत चर्चा
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 04 फरवरी 2026,
गयाजी; परिसदन गयाजी में एनडीए, भाजपा एवं सामाजिक संगठनों से जुड़े नेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए बिहार विधानसभा के अध्यक्ष माननीय डॉ. प्रेम कुमार ने बिहार बजट 2026–27 की प्रमुख विशेषताओं और इसके दूरगामी प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
‘विकसित बिहार’ की दिशा में ऐतिहासिक बजट : डॉ. प्रेम कुमार
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बिहार बजट 2026–27 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” संकल्प के अनुरूप “विकसित बिहार” का सशक्त रोडमैप है। इस बजट में किसान, युवा, महिलाएं, गरीब और मध्यम वर्ग—सभी के हितों को प्राथमिकता दी गई है।
बिहार के बजट में ऐतिहासिक वृद्धि
उन्होंने बताया कि वर्ष 2004-05 में बिहार का कुल बजट जहाँ ₹23,885 करोड़ था, वहीं 2026-27 में यह बढ़कर ₹3,47,589.76 करोड़ हो गया है। यह वृद्धि राज्य की मजबूत आर्थिक स्थिति, विकास की गति और सुशासन का स्पष्ट प्रमाण है।
शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि बजट में शिक्षा क्षेत्र को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ₹68,216.95 करोड़ का प्रावधान किया गया है। वहीं स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए ₹21,270.40 करोड़ और ग्रामीण विकास के लिए ₹23,701.18 करोड़ का आवंटन किया गया है।
किसानों के लिए बड़ी सौगात
किसानों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत ₹3000 की अतिरिक्त वार्षिक सहायता देने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही हर खेत तक पानी और गंगाजल आपूर्ति योजना पर विशेष जोर दिया गया है।
स्वास्थ्य, शिक्षा और उद्योग में बड़े फैसले
बजट में जिला अस्पतालों को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के रूप में विकसित करने, प्रत्येक प्रखंड में आदर्श विद्यालय और डिग्री कॉलेज खोलने की योजना शामिल है। उद्योग क्षेत्र में लगभग ₹50 लाख करोड़ के निजी निवेश का लक्ष्य तय किया गया है, जिससे बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था और हरित विकास पर फोकस
डेयरी, मत्स्य पालन, पशुपालन और मखाना उद्योग को बढ़ावा देकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की योजना है। नगर निकायों में सीएनजी और इलेक्ट्रिक बस सेवा, 500 से अधिक ग्रीन बस स्टॉप, ₹532 करोड़ का ग्रीन एनर्जी निवेश तथा गंगा किनारे 22 शहरों में ₹8,426.01 करोड़ की लागत से एनटीपी नेटवर्क स्थापित करने का प्रावधान किया गया है।
युवाओं के लिए रोजगार के अवसर
डॉ. प्रेम कुमार ने बताया कि अगले वित्तीय वर्ष में 25,134 पदों पर नियुक्ति का प्रावधान किया गया है, जो राज्य के युवाओं के लिए एक बड़ी सौगात है।
‘सात निश्चय पार्ट–3’ और ‘सबका साथ–सबका विकास’ का संकल्प
उन्होंने कहा कि यह बजट “सात निश्चय पार्ट–3” और “सबका साथ–सबका विकास” की भावना को साकार करता है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बिहार तेज़ी से विकसित भारत के लक्ष्य की ओर अग्रसर है।
जन-जन तक योजनाएँ पहुँचाने का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि बिहार बजट 2026–27 की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाकर “विकसित बिहार” के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाई जाएगी।
भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति
बैठक में भाजपा जिला उपाध्यक्ष विकास कुमार, सुनील कुमार सिन्हा, जिला महामंत्री पप्पू चंद्रवंशी, जिला मंत्री नीरज निश्चल, धनंजय कुमार धीरू, हरि यादव, संजय रविदास, वेद प्रकाश, राजनंदन प्रसाद गांधी, सागर सचदेवा, कृष्णा साव, श्रीकांत प्रसाद, दिवाकर कुमार, टिंकू गोस्वामी, दीपक राय, दीनानाथ चंद्रवंशी सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।