गया जिला स्थापना दिवस की तैयारी तेज, वॉक फॉर गया से होगा शुभारंभ
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 27 सितंबर 2025,
गया जिले के 161वें स्थापना दिवस (03 अक्टूबर 2025) को भव्य तरीके से मनाने की तैयारी तेज हो गई है। शनिवार को जिला पदाधिकारी गया की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न कार्यक्रमों के सफल संचालन को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए।
स्थापना दिवस के अवसर पर प्रातः 7:00 बजे टावर चौक से गांधी मैदान मंडप तक “वॉक फॉर गया एवं स्वीप एक्टिविटी” का आयोजन होगा। इसमें जिले के पदाधिकारीगण, गणमान्य लोग, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में आमजन शामिल होंगे। डीएम ने नजारत उप समाहर्ता को प्रतिभागियों के लिए नींबू पानी और बिस्किट की व्यवस्था करने का निर्देश दिया, वहीं यातायात पुलिस उपाधीक्षक को ट्रैफिक प्लान तैयार करने और आवागमन सुचारू रखने को कहा।
सुबह 7:30 बजे गांधी मैदान परिसर एवं खुले स्थलों में पौधरोपण किया जाएगा। डीएम ने कहा कि यह दिन गया जिले के लिए ऐतिहासिक है और इस अवसर पर जिले से स्वच्छता का बेहतर संदेश पूरे देश को देना होगा। स्थापना दिवस से पहले संपूर्ण शहर की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम के तहत रेड क्रॉस गया में सुबह 11:00 बजे रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे इसमें बढ़-चढ़कर भाग लें ताकि आमजन भी प्रेरित हो सकें।
शाम को गया जिला का नक्शा बनाकर उस पर 161 मोमबत्तियां जलाई जाएंगी, साथ ही रंगोली और केक कटिंग का कार्यक्रम भी होगा। इसके लिए डीपीएम जीविका एवं नजारत उप समाहर्ता को जिम्मेदारी दी गई है।
डीएम ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस अवसर को यादगार बनाने के लिए अपने घरों और निजी कार्यालयों को रंग-बिरंगी आकर्षक लाइटों से सजाएं।