जिला पदाधिकारी करेंगे शिक्षकों की समस्याओं की जनसुनवाई, 13 जनवरी को जिला शिक्षा कार्यालय में कार्यक्रम
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 12 जनवरी 2026,
गयाजी; जिले के शिक्षकों की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर 13 जनवरी को दोपहर 12:30 बजे से जिला शिक्षा कार्यालय में जनसुनवाई करेंगे। इस दौरान शिक्षा विभाग से जुड़े विभिन्न मामलों पर शिक्षकों की समस्याएं सीधे सुनी जाएंगी।
अब तक करीब 180 शिक्षकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर लिखित आवेदन कलेक्ट्रेट स्थित हेल्प डेस्क एवं पूछताछ केंद्र पर जमा किए हैं। इन आवेदनों में वेतन संबंधी लंबित भुगतान, एमएसीपी (MACP) के अंतर्गत अंतर वेतन भुगतान, सेवानिवृत्ति लाभ, पदोन्नति एवं अन्य सेवा संबंधी विषय प्रमुख हैं।
खरखुरा निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक इंद्रदेव प्रसाद द्वारा एमएसीपी के तहत अंतर वेतन भुगतान से संबंधित आवेदन दिया गया है। इसके अलावा गयाजी जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं विद्यालयों से जुड़े कार्यरत एवं सेवानिवृत्त शिक्षक–शिक्षिकाओं ने भी अपनी समस्याएं दर्ज कराई हैं।
जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस जनसुनवाई में शिक्षा विभाग के सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे। आवेदकों की समस्याओं पर विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्रवाई एवं समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएंगे।