गया में कड़ाके की ठंड: डीएम ने 28 दिसंबर तक कक्षा 5 तक की सभी शैक्षणिक गतिविधियाँ की बंद, अन्य कक्षाओं का समय बदला
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 25 दिसंबर 2025,
गयाजी; जिले में लगातार बढ़ रही ठंड और कम तापमान को देखते हुए जिला दण्डाधिकारी, शशांक शुभंकर (मा०प्र०से०) ने बच्चों के स्वास्थ्य पर संभावित प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार, गयाजी जिले के सभी सरकारी विद्यालय प्री-स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्रों सहित सभी निजी विद्यालयों और निजी कोचिंग संस्थानों में कक्षा 5 तक की शैक्षणिक गतिविधियाँ 28 दिसंबर 2025 तक निलंबित रहेंगी।
बड़ी कक्षाओं के लिए नया समय निर्धारण
डीएम ने निर्देश दिया है कि कक्षा 6 एवं उससे ऊपर की सभी कक्षाओं की पढ़ाई सुबह 10:00 बजे से दोपहर 02:00 बजे तक सावधानी के साथ संचालित की जाएगी। सरकारी आवासीय विद्यालयों की नियमित शैक्षणिक गतिविधियाँ तथा बोर्ड परीक्षा से संबंधित विशेष कक्षाएँ इस आदेश से मुक्त रहेंगी।
आदेश 26 दिसंबर से प्रभावी
यह आदेश पूरे गयाजी जिले में 26 दिसंबर 2025 से लागू होगा और 28 दिसंबर 2025 तक प्रभावी रहेगा। साथ ही, 21 दिसंबर 2025 को जारी आदेश ज्ञापांक 4120/विधि को इसी सीमा तक संशोधित माना जाएगा।
कड़ाके की ठंड को देखते हुए आवश्यक कदम
जिला प्रशासन का कहना है कि सुबह और शाम के समय तेजी से गिरते तापमान को देखते हुए यह निर्णय पूरी तरह बच्चों के स्वास्थ्य सुरक्षा के मद्देनज़र लिया गया है। प्रशासन ने विद्यालयों एवं अभिभावकों से सहयोग की अपील की है ताकि ठंड से होने वाले संभावित जोखिमों को रोका जा सके।
