गयाजी में तीन दिवसीय प्रमंडल स्तरीय उद्यान प्रदर्शनी का शुभारंभ, प्रगतिशील कृषकों ने दिखाई नवाचार की झलक

0
1770142475641.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 03 फरवरी 2026,

गयाजी। मंगलवार दिनांक 03 फरवरी 2026 को संयुक्त कृषि भवन परिसर, बाजार समिति कैम्पस, गयाजी में तीन दिवसीय प्रमंडल स्तरीय उद्यान प्रदर्शनी-सह-प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन किया गया। इस प्रदर्शनी में मगध प्रमंडल के विभिन्न जिलों से आए प्रगतिशील कृषकों ने भाग लेकर अपनी उपज और नवाचारों का प्रदर्शन किया।

उद्यानिक खेती से आय दोगुनी करने का संदेश

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे संयुक्त निदेशक शष्य, मगध प्रमंडल, गयाजी राकेश रंजन ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कृषकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उद्यानिक खेती अपनाकर किसान अपनी आय दोगुनी कर सकते हैं, इसके लिए कृषि एवं उद्यान विभाग निरंतर किसानों के साथ खड़ा रहेगा और हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।

विशेषज्ञों ने किया प्रदर्शों का मूल्यांकन

प्रदर्शनी में लगाए गए कृषकों के प्रदर्शों का मूल्यांकन दक्षिण बिहार केन्द्रीय कृषि विश्वविद्यालय के कृषि संकाय के डीन प्रो. ए.पी. सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर (उद्यान) डॉ. हेमंत सिंह तथा कृषि विज्ञान केंद्र की उद्यान वैज्ञानिक डॉ. फरहाना खातून द्वारा किया गया। मूल्यांकन के आधार पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कृषकों को पुरस्कृत किया जाएगा।

आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा

इस प्रदर्शनी-सह-प्रतियोगिता में सब्जी, फल, फूल, मशरूम, मधु सहित विभिन्न वर्गों में भाग लेने वाले कृषकों को
🔹प्रथम पुरस्कार: ₹2000
🔹द्वितीय पुरस्कार: ₹1500
🔹तृतीय पुरस्कार: ₹1000
दिया जाएगा। वहीं, उत्कृष्ट कृषक को विशेष रूप से ₹5000 का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।

फसल विविधीकरण पर दिया गया जोर

जिला उद्यान पदाधिकारी तबस्सुम परवीण ने कृषकों से अपील की कि वे धान्य-धान्य योजना के अंतर्गत फसल विविधीकरण को अपनाएं और योजना से मिलने वाले लाभों का अधिक से अधिक फायदा उठाएं।

कार्यक्रम में कई जिलों के अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में अरवल, जहानाबाद, नवादा एवं औरंगाबाद के जिला उद्यान पदाधिकारी सहित कृषि विभाग, गयाजी के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को नई तकनीकों, उन्नत किस्मों और आधुनिक उद्यानिक खेती के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page