गयाजी में सोलर मेला 2026 का आयोजन, रूफटॉप सोलर को बढ़ावा देने पर जोर

0
1772043739625.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 25 फरवरी 2026,

गयाजी। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत रूफटॉप सोलर प्रणाली के व्यापक उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज दिनांक 25 फरवरी को गयाजी स्थित हरिदास सेमीनारी इंटर कॉलेज के प्रेक्षागृह में सोलर मेला 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर, विद्युत अधीक्षण अभियंता संदीप प्रकाश तथा नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

सोलर ऊर्जा अपनाने पर जिलाधिकारी ने दिया जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को बिजली के बढ़ते खर्च से राहत दिलाना तथा ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि गयाजी जिले में तेजी से लोग अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल स्थापित कर रहे हैं और कई परिवार अतिरिक्त बिजली उत्पादन कर ग्रिड को भी आपूर्ति कर रहे हैं, जिससे उनका बिजली बिल लगभग शून्य हो रहा है।

योजना के लाभ और प्रक्रिया की दी गई जानकारी

विद्युत अधीक्षण अभियंता ने बताया कि योजना के अंतर्गत कुटीर ज्योति श्रेणी के उपभोक्ताओं को 1.1 किलोवाट क्षमता तक मुफ्त सोलर पैनल उपलब्ध कराने की प्रक्रिया सरल की गई है। इसके लिए उपभोक्ताओं को सुविधा ऐप के माध्यम से अपनी सहमति दर्ज करनी होगी। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को सोलर प्रणाली की लागत, सब्सिडी और तकनीकी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

सोलर वेंडरों ने स्टॉल लगाकर किया प्रदर्शन

सोलर मेले में लगभग 15 सोलर वेंडरों ने अपने स्टॉल लगाए, जहां रूफटॉप सोलर लगाने की तकनीक, अनुमानित खर्च और उससे होने वाले लाभों की जानकारी दी गई। वेंडरों ने उपभोक्ताओं के प्रश्नों का समाधान भी किया, जिससे लोगों में सोलर ऊर्जा के प्रति उत्साह देखा गया।

उत्कृष्ट सोलर उपभोक्ताओं को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान उन उपभोक्ताओं को सम्मानित किया गया जिनका बिजली बिल सोलर प्रणाली अपनाने के बाद शून्य हो गया है। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले सोलर वेंडरों को प्रशंसा प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान किए गए।

विभिन्न विभागों और संस्थानों की रही सहभागिता

इस अवसर पर विद्युत विभाग के अधिकारी, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, मीडिया कर्मी तथा बड़ी संख्या में विद्युत उपभोक्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्युत कार्यपालक अभियंता अजय कुमार द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page