लूट की बड़ी वारदात का खुलासा, झारखंड-पटना से 6 अपराधी गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 14 मार्च 2026,
गयाजी; जिला पुलिस और स्पेशल टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मालवाहक गाड़ी से लूटे गए सामान के मामले का उद्भेदन कर 6 अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से लूटी गई 105 कार्टून रजनीगंधा और तुलसी भी बरामद की है। यह जानकारी जिले के एसएसपी सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता कर साझा की।
2 मार्च को हुई थी लूट की घटना
पुलिस के अनुसार, 2 मार्च 2026 को एक मालवाहक गाड़ी बीपीएस इंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड, जकरियापुर पटना से रजनीगंधा और तुलसी लेकर गयाजी के वजीरगंज जा रही थी। इसी दौरान गया-नवादा बाईपास पर पैमार पुल के पास कार सवार अपराधियों ने गाड़ी को रोक लिया। अपराधियों ने चालक के साथ मारपीट कर उसे बंधक बना लिया और मालवाहक गाड़ी लेकर फरार हो गए। इस मामले में मुफ्फसिल थाना में कांड संख्या 238/26 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विशेष टीम का किया गया गठन
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक गयाजी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वजीरगंज के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में मुफस्सिल थाना, तकनीकी शाखा और एसटीएफ के पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।
झारखंड के डाल्टनगंज में छापेमारी
तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि लूटा गया सामान झारखंड के डाल्टनगंज में बेचा जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने मेदनीनगर क्षेत्र में एक दुकान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदीप कुमार अग्रवाल को गिरफ्तार किया और दुकान की तलाशी में लूटे गए सामान के चार पैकेट बरामद किए।
आरोपी की निशानदेही पर अन्य गिरफ्तारियां
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर गयाजी के चंदौती थाना क्षेत्र से संजीत कुमार उर्फ बाबा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि बाकी सामान डेल्हा थाना क्षेत्र में छिपाकर रखा गया है। इसके बाद पुलिस ने छोटकी नवादा स्थित एक निर्माणाधीन मकान में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में लूटा गया सामान बरामद किया।
पटना से भी चार आरोपी दबोचे गए
संजीत कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने पटना में छापेमारी कर प्रमोद प्रसाद और संतोष कुमार गुप्ता उर्फ जुगाड़ी जी को गिरफ्तार किया। इसके अलावा पटना पुलिस के सहयोग से छोटू कुमार और रिषु कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार इस मामले में शामिल अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी संजीत कुमार के खिलाफ पहले भी कई मामले दर्ज हैं।