पत्रकार को धमकी मामले में BSPS का प्रतिनिधि मंडल मिला जिले के एसएसपी से
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 23 मार्च 2026,
गयाजी। जिले के बुनियादगंज थाना क्षेत्र के निवासी और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर संचालित ‘न्यूज खोज’ चैनल के मुख्य संपादक अमित कुमार सिंह को लगातार जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ ( BSPS ) का एक प्रतिनिधि मंडल सोमवार को जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक से मिलकर कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान पीड़ित अमित कुमार सिंह ने जिले के एसएसपी को एक आवेदन भी सौंपा।
आवेदन में अमित कुमार सिंह ने बताया कि 28 फरवरी 2026 की रात करीब 9:02 बजे उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने 1 मार्च 2026 को बुनियादगंज थाना में लिखित शिकायत दी, जिस पर थाना कांड संख्या 74/26 दर्ज किया गया।
लगातार अलग-अलग नंबरों से मिल रही धमकियां
आवेदन के अनुसार, मामला दर्ज होने के बाद भी धमकियों का सिलसिला जारी रहा। 6 मार्च 2026 को रात 10:56 बजे मोबाइल नंबर 8085107352 से, जबकि 8 मार्च 2026 को रात 11:40 बजे मोबाइल नंबर 9603941633 से उन्हें फिर से जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद 22 मार्च 2026 को बिहार दिवस की शाम 5:42 बजे मोबाइल नंबर 7070838780 से एक बार फिर धमकी भरा कॉल आया। लगातार मिल रही धमकियों के कारण वह और उनका पूरा परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं।
जांच अधिकारी को भी मिली धमकी
अमित कुमार सिंह ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि जब उन्होंने मामले की प्रगति को लेकर कांड के अनुसंधानकर्ता से संपर्क किया, तो उन्होंने भी यह कहते हुए असमर्थता जताई कि इस केस को लेकर उन्हें भी धमकी मिल रही है।
पूर्व में हुए विवाद का किया जिक्र
आवेदन में उन्होंने बताया कि इससे पहले भी उन्हें झूठे मामलों में फंसाने, जान-माल की क्षति पहुंचाने और परिवार की छवि खराब करने की कोशिश की गई थी। इस संबंध में उन्होंने मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, व्यवहार न्यायालय में आवेदन संख्या 118/25 के तहत सूचना दी थी, जिसकी प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक कार्यालय और बुनियादगंज थाना को भेजी गई थी। उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि धमकी देने वाले व्यक्ति का कोई रिश्तेदार बुनियादगंज थाना में पदस्थापित हो सकता है।
एसएसपी से की कार्रवाई की मांग
(BSPS) भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रतिनिधि मंडल ने वरीय पुलिस अधीक्षक से आग्रह किया है कि इस मामले को संज्ञान लेते हुए जल्द से जल्द उचित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। इस दौरान संघ के जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, महासचिव दिलीप कुमार सहित कई पत्रकार उपस्थित रहे।
