होली पर्व को लेकर गया जिला प्रशासन अलर्ट, विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक निर्देश
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 25 फरवरी 2026,
गयाजी: होली पर्व के अवसर पर शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर गयाजी जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने समाहरणालय सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
होलिका दहन से मटका फोड़ तक विशेष निगरानी
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि 02 मार्च को होलिका दहन, 04 मार्च को होली तथा 05 मार्च को मटका फोड़ कार्यक्रम आयोजित होंगे। पर्व की संवेदनशीलता को देखते हुए सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में विशेष निगरानी रखने तथा दोनों समुदायों के बीच समन्वय स्थापित कर सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने का निर्देश दिया गया। संवेदनशील स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया।
संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च और पेट्रोलिंग के निर्देश
जिला प्रशासन ने अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को संयुक्त रूप से क्षेत्र भ्रमण कर स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित करने का निर्देश दिया। वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक ने संवेदनशील स्थानों पर 24 घंटे पेट्रोलिंग, वाहन जांच अभियान तथा कानून-व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा।
शराबबंदी और अफवाहों पर कड़ी नजर
बैठक में पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराया जाए तथा अवैध शराब की बिक्री पर कार्रवाई की जाए। चिन्हित क्षेत्रों में ड्रोन के माध्यम से निगरानी करने और उत्पाद विभाग से समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर नजर रखने के लिए विशेष मॉनिटरिंग की व्यवस्था करने को कहा गया।
नगर निकाय को साफ-सफाई और जलापूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश
नगर आयुक्त एवं कार्यपालक पदाधिकारियों को होली के दौरान जलापूर्ति बाधित नहीं होने तथा शहर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त हॉस्टल, लॉज और गेस्ट हाउस की जांच कराने तथा झूमटा एवं मटका फोड़ कार्यक्रम स्थलों का स्पॉट वेरिफिकेशन कराने को कहा गया।
दो दिनों में शांति समिति की बैठक अनिवार्य
जिलाधिकारी ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि दो दिनों के अंदर शांति समिति की बैठक आयोजित कर स्थानीय प्रतिनिधियों एवं गणमान्य लोगों को पर्व के दौरान सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि होली पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी स्तरों पर व्यापक तैयारी की जा रही है।