महात्मा गांधी के शहादत दिवस पर गांधी मैदान में श्रद्धा सुमन अर्पित
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 30 जनवरी 2026,
गयाजी; राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के शहादत दिवस के अवसर पर आयुक्त कार्यालय, मगध प्रमंडल, गयाजी के तत्वावधान में गांधी मैदान स्थित गांधी मंडप पर श्रद्धा और सम्मान के साथ माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महात्मा गांधी के आदर्शों और उनके बलिदान को स्मरण करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम के दौरान आयुक्त, मगध प्रमंडल, गया डॉ. सफ़ीना ए. एन. ने गांधी मंडप पर पुष्पचक्र अर्पित कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा और मानवता के मूल्यों पर आधारित था, जो आज भी समाज और प्रशासन दोनों के लिए मार्गदर्शक है।
इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी राजेन्द्र दुबे, उप विकास आयुक्त शैलेश कुमार, आयुक्त के सचिव मगध प्रमंडल सुशील कुमार, अपर समाहर्ता (विधि-व्यवस्था) मो. शफीक, उप निदेशक जनसम्पर्क, मगध प्रमंडल, दीपक चंद्र देव, प्रभारी पदाधिकारी, सामान्य शाखा अर्चना कुमारी, अनुमंडल पदाधिकारी सदर सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी माल्यार्पण कर राष्ट्रपिता को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर महात्मा गांधी के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की तथा उनके विचारों और आदर्शों को अपने कार्य एवं व्यवहार में आत्मसात करने का संकल्प लिया।
