गयाजी के अतरी में नल-जल विवाद ने लिया हिंसक रूप, हत्या के प्रयास मामले में एक आरोपी गिरफ्तार
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 08 अप्रैल 2026,
गयाजी; जिले के अतरी थाना क्षेत्र में नल-जल योजना के तहत बोरिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। पीड़ित जहागीर खां द्वारा 1 अप्रैल को थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार आरोपियों ने विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जानलेवा हमला किया।शहनवाज खान समेत अन्य आरोपियों ने मिलकर पीड़ित को जमीन पर पटककर मारपीट की और गला दबाने का प्रयास किया। बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों पर भी हमला किया गया।
हमले में लाठी, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिससे कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। एक व्यक्ति के हाथ पर गडासा से वार कर उसे जख्मी कर दिया गया, जबकि अन्य को भी चोटें आईं।
लूट और धमकी का भी आरोप
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान एक व्यक्ति के गले से सोने की चेन भी छीन ली गई। साथ ही आरोपियों द्वारा जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिससे इलाके में भय का माहौल है।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या के प्रयास का मामला
मामले को लेकर अतरी थाना में कांड संख्या 141/26, दिनांक 01 अप्रैल 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने नल-जल बोरिंग को लेकर विवाद के दौरान जानलेवा हमला किया था।
एक आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी शहनवाज खान को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
यह घटना स्थानीय स्तर पर छोटे विवादों के हिंसक रूप लेने की गंभीर समस्या को दर्शाती है। पुलिस प्रशासन ने मामले में सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
