केपी रोड पर नगर निगम का अतिक्रमण हटाओ अभियान, डिवाइडर तोड़े जाने पर उठे सवाल

0
Screenshot_2026_0324_235902.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 24 मार्च 2026,

गयाजी। शहर के प्रमुख केपी रोड पर मंगलवार को गया नगर निगम द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में नगर निगम की टीम ने सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को हटाने के लिए बुलडोजर का इस्तेमाल किया। इस दौरान सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों, ठेलों और अन्य अवैध संरचनाओं को हटाकर सड़क को खाली कराया गया।

नगर आयुक्त के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

इस अभियान का नेतृत्व नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने स्वयं मौके पर मौजूद रहकर किया। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, केपी रोड पर लंबे समय से अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही थीं, जिसके कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और राहगीरों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही थी।

चेतावनी के बावजूद नहीं हटाया गया था अतिक्रमण

अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमणकारियों को पहले कई बार चेतावनी दी गई थी और स्वयं अतिक्रमण हटाने का अवसर भी दिया गया था। लेकिन ऐसा नहीं होने पर नगर निगम को बुलडोजर की मदद से कार्रवाई करनी पड़ी। अभियान के दौरान मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती रही, जिससे पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

दोबारा अतिक्रमण करने पर होगी कड़ी कार्रवाई

नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अगली बार नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा और प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी। फिलहाल इस बार अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया है।

30 लाख की लागत से बना डिवाइडर तोड़े जाने पर विवाद

इसी दौरान केपी रोड पर लगभग 30 लाख रुपये की लागत से बनाए गए डिवाइडर को भी नगर निगम द्वारा तोड़ दिया गया। इस डिवाइडर का उद्घाटन पूर्व उपमुख्यमंत्री तार किशोर प्रसाद द्वारा किया गया था। डिवाइडर को हटाए जाने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हाल ही में बने डिवाइडर को तोड़ना जनता के पैसे की सीधी बर्बादी है। लोगों ने बिना ठोस योजना के निर्माण और फिर उसे तोड़ने की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।

जाम की समस्या से निजात के लिए हटाया गया डिवाइडर

वहीं नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने बताया कि डिवाइडर के कारण केपी रोड पर जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी। इसी समस्या से निजात दिलाने के लिए इसे हटाने का निर्णय लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page