उप विकास आयुक्त ने हुलासगंज प्रखंड व मनरेगा कार्यालय का किया निरीक्षण दिए आवश्यक निर्देश
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 29 जनवरी 2026,
जहानाबाद; जिले की उप विकास आयुक्त प्रीति ने गुरुवार को प्रखंड कार्यालय हुलासगंज एवं प्रखंड परिसर स्थित मनरेगा कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयों में संधारित विभिन्न पंजियों, योजनाओं की प्रगति एवं कर्मियों की उपस्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में अनुक्रमणिका पंजी, योजना पंजी, रोकड़वही, आगत-निर्गत पंजी, आकस्मिकता पंजी, शिकायत पंजी, उपस्थिति पंजी सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया गया। उप विकास आयुक्त ने पंजियों के समुचित रख-रखाव एवं अद्यतन संधारण के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी, हुलासगंज को आवश्यक निर्देश दिए।
परिचय पत्र व कार्य तालिका के बिना कर्मी पाए गए
निरीक्षण के दौरान कई प्रखंड कर्मी परिचय पत्र एवं कार्य तालिका के बिना पाए गए, जिस पर उप विकास आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। साथ ही प्रखंड कार्यालय परिचारी अनिता देवी के लंबे समय से अनाधिकृत रूप से अनुपस्थित रहने की जानकारी मिलने पर संबंधित मामले में जिला पदाधिकारी, जहानाबाद को कार्रवाई हेतु पत्र भेजने का निर्देश दिया गया।
सेवा, संवाद एवं समाधान जनता दरबार पर जोर
उप विकास आयुक्त ने सेवा, संवाद एवं समाधान जनता दरबार से संबंधित आवश्यक पंजियों के संधारण, कर्मियों की अधिकृत तैनाती, दीवार लेखन एवं व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।
समय पर कार्यालय उपस्थिति और बायोमेट्रिक अनिवार्य
निरीक्षण के दौरान सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को नियत समय पर कार्यालय आने, बायोमेट्रिक उपस्थिति दर्ज करने तथा पहचान पत्र के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया।
योजनाओं को गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने के निर्देश
उप विकास आयुक्त ने प्रखंड एवं मनरेगा कार्यालय द्वारा संचालित सभी योजनाओं को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही आरटीपीएस केंद्र का निरीक्षण कर आम लोगों के प्रति संवेदनशीलता के साथ सेवा प्रदान करने पर विशेष जोर दिया।
निर्माणाधीन जीविका भवन का स्थल निरीक्षण
निरीक्षण के क्रम में केऊर पंचायत स्थित निर्माणाधीन जीविका भवन का स्थल निरीक्षण कर कार्य को शीघ्र पूर्ण करने हेतु संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कई वरीय अधिकारी रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त के साथ डीआरडीए निदेशक डॉ. रोहित कुमार मिश्र, एनईपी निदेशक सुदर्शन कुमार, जिला विकास पदाधिकारी स्मृति, सहायक योजना पदाधिकारी शोएब अख्तर, डीपीओ मनरेगा राजेश कुमार, डीएफएमo बरुण कुमार, लेखापाल प्रकाश कुमार, स्टेनोग्राफर नीरज कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
