सीएसआईआर नेट–जेआरएफ दिसंबर 2025 में सीयूएसबी के छात्रों की बड़ी सफलता
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 06 मार्च 2026,
गयाजी ; दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों ने CSIR NET JRF दिसंबर 2025 परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। इस उपलब्धि पर कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह और कुलसचिव प्रो. नरेंद्र कुमार राणा सहित विश्वविद्यालय के डीन, विभागाध्यक्षों और प्राध्यापकों ने सफल विद्यार्थियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
बायोटेक्नोलॉजी विभाग के पांच छात्रों ने मारी बाज़ी
जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि National Testing Agency द्वारा आयोजित इस परीक्षा में बायोटेक्नोलॉजी विभाग के पांच छात्रों ने सफलता प्राप्त की है। अभितेज कुमार झा ने 131वीं ऑल इंडिया रैंक प्राप्त कर विभाग और विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। वहीं सनीश कुमार, प्रीतिकाना मल्लिक, निशा और शिवशंकर मल्लिक ने पीएचडी कार्यक्रम में प्रवेश के लिए योग्यता प्राप्त की।
रसायन विज्ञान विभाग के छात्रों का उत्कृष्ट प्रदर्शन
रसायन विज्ञान विभाग के तीन विद्यार्थियों ने जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) तथा असिस्टेंट प्रोफेसर दोनों के लिए योग्यता प्राप्त की है। आशुतोष डे ने अखिल भारतीय स्तर पर 9वीं रैंक हासिल कर शानदार प्रदर्शन किया, जबकि अर्नब पात्रा और रजनीश पटेल ने क्रमशः 78वीं और 81वीं रैंक प्राप्त की।
अन्य विभागों के छात्रों ने भी हासिल की सफलता
जियोलॉजी विभाग के छात्र रुद्र नारायण पटनायक ने जेआरएफ के साथ असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए अर्हता प्राप्त की। वहीं जियोग्राफी विभाग के छात्र मनीष कुमार ने यूजीसी नेट दिसंबर 2025 परीक्षा में असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए योग्यता प्राप्त की। इसके अलावा स्टैटिस्टिक्स विभाग के धनंजय राव डब्बारेड्डी ने जेआरएफ के लिए अर्हता प्राप्त की, जबकि आशीष राज, आकांक्षा उपाध्याय और विराट प्रताप ने नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए योग्यता हासिल की। विभाग के अन्य छात्रों अमन वर्मा, सीमा कुमारी, दीपक धायल और दीपिका भारती ने पीएचडी में प्रवेश के लिए पात्रता प्राप्त की।
शिक्षकों ने दी शुभकामनाएं
सफल छात्रों को विभागाध्यक्षों और शिक्षकों ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे संस्थान की शैक्षणिक गुणवत्ता और शोध क्षमता का प्रमाण बताया है।