सीयूएसबी में एनपीएस और यूपीएस पर कार्यशाला, कर्मचारियों को पेंशन योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 24 फरवरी 2026,
गयाजी: दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के वाणिज्य एवं व्यवसाय अध्ययन विभाग तथा आर्थिक अध्ययन एवं नीति विभाग द्वारा विश्वविद्यालय कर्मियों के लिए राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) और एकीकृत पेंशन योजना (यूपीएस) पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कुलपति कामेश्वर नाथ सिंह के संरक्षण में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य कर्मचारियों को दोनों पेंशन योजनाओं की संरचना, लाभ और विकल्पों की विस्तृत जानकारी देना था।
एनपीएस और यूपीएस का तुलनात्मक विश्लेषण
कार्यशाला के दौरान एनपीएस और यूपीएस का तुलनात्मक अध्ययन प्रस्तुत किया गया, जिसमें समय-सीमा, प्रतिफल, निधि की सुरक्षा तथा कर्मचारियों की विभिन्न श्रेणियों के लिए उपलब्ध विकल्पों पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि सही योजना का चयन कर्मचारियों के दीर्घकालिक वित्तीय सुरक्षा से सीधे जुड़ा है।
विशेषज्ञों ने व्यावहारिक उदाहरणों से समझाया अंतर
जनसंपर्क पदाधिकारी मोहम्मद मुदस्सीर आलम के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ वाणिज्य एवं व्यवसाय अध्ययन विभाग के अध्यक्ष एवं अधिष्ठाता सुब्रमणियन शन्मुगम के स्वागत भाषण से हुआ।
कार्यशाला में प्रमुख संसाधन व्यक्तियों के रूप में एक्सिस बैंक के क्षेत्रीय प्रमुख सूरज कुमार तथा राज्य प्रमुख अभिषेक कुमार ने एनपीएस और यूपीएस के बीच अंतर को सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समझाया।
समन्वयकों की भूमिका से सफल रहा आयोजन
कार्यक्रम का समन्वयन वाणिज्य एवं व्यवसाय अध्ययन विभाग से प्रदीप राम तथा आर्थिक अध्ययन एवं नीति विभाग से आतिश दाश ने किया। उनके प्रभावी समन्वय से कार्यशाला का सफल संचालन सुनिश्चित हुआ।
शिक्षकों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी
कार्यक्रम में वाणिज्य एवं व्यवसाय अध्ययन विभाग से ब्रजेश कुमार, राजनारायणन, रचना विश्वकर्मा, पावस कुमार तथा आर्थिक अध्ययन एवं नीति विभाग से कृष्णन चालील, अबोध कुमार, संजय कुमार, रिकिल चिरमांग और फिरदौस फातिमा रिज़वी उपस्थित रहे।
इसके साथ ही शिक्षण एवं गैर-शिक्षण दोनों वर्गों के कर्मचारियों ने सक्रिय सहभागिता की। गैर-शिक्षण वर्ग की ओर से वित्त अधिकारी रश्मि त्रिपाठी सहित कई कर्मियों ने भाग लिया।
धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यशाला का समापन
कार्यशाला का समापन आर्थिक अध्ययन एवं नीति विभाग के अध्यक्ष प्रो. कृष्णन चालील द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन वाणिज्य एवं व्यवसाय अध्ययन विभाग की शोधार्थी ऋतु कुमारी ने किया। कार्यशाला में प्रतिभागियों ने पेंशन योजनाओं से जुड़े विभिन्न प्रश्नों पर चर्चा कर महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।