होली पर्व को लेकर नीमचक बथानी में शांति समिति की बैठक, डीजे पर रोक और साम्प्रदायिक सौहार्द पर जोर

0
IMG-20260225-WA0007.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 25 फरवरी 2026,

खिजरसराय: होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर नीमचक बथानी अनुमंडल कार्यालय में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी केशव आनंद और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेन्द्र कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की।

बैठक में अनुमंडल क्षेत्र अंतर्गत सभी थाना क्षेत्रों के पुलिस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता तथा शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान होली के अवसर पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई।

एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि डीजे बजाने पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग निर्धारित समय और नियमों के अनुसार ही किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार का हुड़दंग या शराब पीकर उत्पात करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशासन ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने तथा अफवाहों से बचने की अपील की। संवेदनशील स्थानों पर विशेष पुलिस निगरानी रखने का निर्णय लिया गया।

होलिका दहन को लेकर भी सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा हुई। एसडीएम ने निर्देश दिया कि होलिका दहन खुले और सुरक्षित स्थानों पर किया जाए ताकि आग लगने की घटनाओं से बचा जा सके। साथ ही अग्निशमन विभाग को अलर्ट मोड में रखने तथा स्थानीय स्तर पर पानी एवं बालू की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

अंत में प्रशासन ने आम लोगों से शांति एवं सौहार्द के साथ होली मनाने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page