मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना के ऐतिहासिक गोलघर परिसर का किया भ्रमण, व्यवस्थाओं की समीक्षा
आर्यावर्त वाणी | पटना | 11 जनवरी 2026,
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज पटना स्थित ऐतिहासिक गोलघर परिसर का भ्रमण कर वहां की वर्तमान व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गोलघर परिसर पार्क, गोलघर के स्ट्रक्चर की स्थिति तथा लाइट एंड साउंड एवं लेजर शो की व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया।
सौंदर्यीकरण व रखरखाव पर जोर
भ्रमण के क्रम में मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि गोलघर एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहर है, जिसे देखने प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग आते हैं। ऐसे में परिसर का सौंदर्यीकरण एवं रखरखाव उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि गोलघर और अधिक आकर्षक एवं मनोरम स्वरूप में नजर आए।
लाइट एंड साउंड शो के नियमित संचालन का निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वर्ष 2013 में प्रारंभ किए गए लाइट एंड साउंड एवं लेजर शो का नियमित संचालन कराया जाए। उन्होंने कहा कि इससे आगंतुकों को गोलघर के गौरवशाली इतिहास की समुचित जानकारी प्राप्त होगी और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
सूचना-प्रद डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने गोलघर की ऐतिहासिक महत्ता से लोगों को अवगत कराने के लिए परिसर में सूचना-प्रद डिस्प्ले बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए, ताकि आगंतुकों को इस धरोहर के इतिहास, वास्तुकला और महत्व की जानकारी सहज रूप से मिल सके।
संरक्षण पर विशेष ध्यान देने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोलघर वास्तुकला का एक अद्भुत उदाहरण है, इसलिए इसके स्ट्रक्चर के संरक्षण एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक धरोहर को आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर ढंग से संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
