मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 34 चलंत फॉरेंसिक वाहनों को दिखाई हरी झंडी, अपराध जांच होगी तेज
आर्यावर्त वाणी | पटना | 18 दिसंबर 2025,
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज 01 अणे मार्ग से साक्ष्य संग्रहण एवं अपराध अनुसंधान में सहायता के लिए 34 चलंत (मोबाईल) फॉरेंसिक वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री ने स्वयं वाहनों का निरीक्षण किया और उनमें उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं व व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली।
अपराध अनुसंधान को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2005 के बाद से ही राज्य में विधि-व्यवस्था के संधारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है और कानून का राज स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए गए हैं। अपराध और भ्रष्टाचार के मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। उन्होंने कहा कि आपराधिक मामलों की जांच में तेजी लाने के उद्देश्य से इन 34 नए मोबाईल फॉरेंसिक वाहनों का लोकार्पण किया गया है।
घटना स्थल पर ही होगी त्वरित जांच
मुख्यमंत्री ने बताया कि ये सभी वाहन अत्याधुनिक फॉरेंसिक जांच उपकरणों से लैस हैं। इनके माध्यम से अपराध की घटना स्थल पर पहुंचकर तत्काल साक्ष्य संग्रहण और जांच शुरू की जा सकेगी। इससे जांच प्रक्रिया अधिक प्रभावी और वैज्ञानिक होगी।
पीड़ितों को मिलेगा त्वरित न्याय
उन्होंने कहा कि पहले किसी अपराध की स्थिति में साक्ष्य एकत्र कर फॉरेंसिक जांच के लिए लैब भेजना पड़ता था, जिसमें काफी समय लगता था। इस देरी के कारण पीड़ित परिवारों में असंतोष भी रहता था। अब मोबाईल फॉरेंसिक टीम मौके पर ही जांच शुरू करेगी, जिससे समय की बचत होगी और न्याय प्रक्रिया में तेजी आएगी।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इन चलंत फॉरेंसिक वाहनों के माध्यम से राज्य में अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता बेहतर होगी और आम जनता का कानून व्यवस्था पर भरोसा और मजबूत होगा।
