सेंट्रल बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स की बैठक में उठा शहर की सफाई, जाम और टैक्स का मुद्दा
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 24 फरवरी 2026,
गयाजी। सेंट्रल बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स, गया जी की ओर से मंगलवार को अपराह्न 11:45 बजे चैंबर कार्यालय, पुरानी गोदाम में गया नगर निगम से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर एक महत्वपूर्ण परिचर्चा आयोजित की गई। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, ट्रैफिक जाम, होल्डिंग टै्स, यूजर टैक्स एवं जलापूर्ति जैसी ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
आमुख्य अतिथि एवं पदाधिकारियों की सहभागिता
बैठक के मुख्य अतिथि अभिषेक पलासिया (नगर आयुक्त) रहे। उनके साथ स्वच्छता पदाधिकारी शुभम कुमार, टाउन प्लानर सरिता कुमारी, आर्किटेक्ट इंजीनियर अजीत कुमार तथा मार्केटिंग ऑफिसर निशांत कुमार सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विपेंद्र अग्रवाल ने की, जबकि डॉ. अनूप केडिया ने अतिथियों का स्वागत किया। विषय प्रवेश करते हुए संरक्षक डॉ. कौशलेंद्र प्रताप ने नगर निगम से संबंधित प्रमुख मुद्दों की ओर सभा का ध्यान आकर्षित कराया।
सफाई, अतिक्रमण और जाम की समस्या पर जोर
बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करने, प्रमुख सड़कों केपी रोड, जीबी रोड, टेकरी रोड, स्वराजपुरी रोड को अतिक्रमण मुक्त कर आवागमन सुगम बनाने की मांग की गई। सदस्यों ने केपी रोड को जाम से मुक्ति दिलाने के उद्देश्य से बनाए गए रोड डिवाइडर को हटाने का सुझाव भी रखा।
टैक्स एवं नक्शा पास कराने में परेशानी
होल्डिंग टैक्स और यूजर टैक्स के संग्रह में आने वाली समस्याओं के समाधान की मांग की गई। इंजीनियर आर्किटेक्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष विनय सिन्हा ने भवन नक्शा पास कराने में हो रही देरी और प्रक्रियागत कठिनाइयों की ओर आयुक्त का ध्यान आकृष्ट किया।
बुडको की जलापूर्ति योजना पर सवाल
बैठक में बुडको द्वारा जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़कों को क्षतिग्रस्त करने और कई इलाकों में नियमित जलापूर्ति नहीं होने की शिकायतें भी सामने आईं।
आयुक्त का आश्वासन
नगर आयुक्त अभिषेक पलासिया ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए बताया कि ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए शहर में बड़े पैमाने पर सीसीटीवी कैमरे और ट्रैफिक लाइट लगाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने व्यवसायियों से अपील की कि व्यावसायिक क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर निगम द्वारा दोनों पालियों में कूड़ा संग्रहण किया जाएगा, इसलिए कूड़ा निर्धारित वाहनों में ही डालें और सड़क पर न फेंकें। साथ ही, उन्होंने आश्वासन दिया कि इस प्रकार की बैठकें समय-समय पर आयोजित की जाती रहेंगी।