Spread the love

आर्यावर्त वाणी डेस्क | पटना | 06 नवम्बर 2025

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के लिए आज मतदान हो रहा है। प्रदेश के 18 जिलों के 121 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह 7 बजे से मतदान शुरू होगा, जो अधिकांश क्षेत्रों में शाम 6 बजे तक, जबकि कुछ संवेदनशील क्षेत्रों में शाम 5 बजे तक चलेगा। इस चरण में 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 1314 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में बंद करेंगे। इनमें 1192 पुरुष और 122 महिला प्रत्याशी शामिल हैं।

🔹 कई दिग्गज नेताओं की साख दांव पर

पहले चरण के मतदान में कई बड़े नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। इनमें नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, तेज प्रताप यादव, विजय कुमार चौधरी और मंगल पांडेय जैसे नाम प्रमुख हैं।

🔹 जिले और विधानसभा सीटें

पहले चरण में मतदान वाले जिले हैं —
मधेपुरा, सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, बेगूसराय, खगड़िया, मुंगेर, लखीसराय, शेखपुरा, नालंदा, पटना, भोजपुर और बक्सर।

इन 121 सीटों में से 102 सामान्य और 19 अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं।

🔹 मुख्य आंकड़े

कुल 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

इनमें से 8608 शहरी मतदान केंद्र हैं।

926 मतदान केंद्रों का संचालन केवल महिलाएं करेंगी।

320 आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

एक बूथ पर औसतन 1200 मतदाता पंजीकृत हैं।

दीघा विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक 4,57,657 मतदाता हैं।

100 वर्ष से अधिक आयु के 6736 मतदाता भी मतदान करेंगे।

🔹 प्रत्याशी समीकरण

एनडीए गठबंधन

जदयू – 57 सीटें

भाजपा – 48 सीटें

लोजपा (रा.) – 13 सीटें

राष्ट्रीय लोक मोर्चा – 2 सीटें


महागठबंधन

राजद – 71 सीटें

कांग्रेस – 24 सीटें

भाकपा (माले) – 14 सीटें

माकपा – 5 सीटें

माकपा (लिब) – 3 सीटें

आईआईपी – 3 सीटें


जन सुराज पार्टी – 18 सीटों पर मैदान में है।

🔹 सुरक्षा और निगरानी के पुख्ता इंतजाम

भारत निर्वाचन आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए 121 सामान्य, 18 पुलिस और 33 व्यय पर्यवेक्षक नियुक्त किए हैं।
सभी बूथों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है।
साथ ही ईवीएम और वीवीपैट ले जाने वाले सभी वाहनों में जीपीएस सिस्टम लगाया गया है। पहली बार मतदान केंद्रों पर मोबाइल रखने के लिए किट उपलब्ध कराई जा रही है। आयोग ने पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया है कि मतदान को “लोकतंत्र का उत्सव” बनाते हुए मतदाताओं को अधिकाधिक भागीदारी के लिए प्रेरित करें।

🔹 नियंत्रण कक्ष और शिकायत व्यवस्था

मुख्य निर्वाचन अधिकारी, बिहार के कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। मतदान से संबंधित किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए मतदाता इन माध्यमों का उपयोग कर सकते हैं:

☎️ दूरभाष: 0612-2824001

📠 फैक्स: 0612-2215611

📧 ईमेल: ceo_bihar@eci.gov.in, ceobihar@gmail.com


मुख्यालय का यह नियंत्रण कक्ष मतदान प्रक्रिया की समाप्ति तक कार्यरत रहेगा।

आर्यावर्त वाणी की अपील —
लोकतंत्र के इस पर्व में शामिल हों, निर्भीक होकर मतदान करें। आपका एक वोट बिहार के भविष्य की दिशा तय करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page