अपने अधिकारियों के साथ खड़ा है विभाग, मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार होगा : विजय कुमार सिन्हा

0
1770312131686.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | पटना | 05 फरवरी 2026,

पटना: 02 फरवरी से आंदोलनरत बिहार राजस्व सेवा संघ (बिरसा) के प्रतिनिधियों ने आज विभागीय कार्यालय कक्ष में उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा से मुलाकात कर अपनी सात सूत्री मांगों से संबंधित मांग पत्र सौंपा। इस अवसर पर प्रधान सचिव राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग सी.के. अनिल भी उपस्थित रहे।

वार्ता के दौरान उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि विभाग अपने अधिकारियों के साथ पूरी मजबूती से खड़ा है और उनके साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने संघ की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का भरोसा दिलाते हुए यथासंभव समाधान का आश्वासन दिया।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि आंदोलन अथवा अवकाश की अवधि को सेवा में टूट नहीं माना जाएगा। इसके साथ ही उपमुख्यमंत्री ने यह आश्वासन दिया कि डीसीएलआर (अनुमंडल पदाधिकारी-राजस्व) के पद पर राजस्व सेवा के अधिकारियों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे कैडर हितों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।

विभागीय स्तर पर मिले सकारात्मक आश्वासन के बाद बिहार राजस्व सेवा संघ के अधिकारियों ने आंदोलन समाप्त करने पर सहमति जताई और कल से पुनः अपना कार्यभार संभालने तथा पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य पर लौटने का निर्णय लिया।

प्रतिनिधिमंडल में बिहार राजस्व सेवा संघ के अध्यक्ष आनन्द कुमार, महासचिव सौरभ कुमार, पुष्कल कुमार, डॉ. हर्ष कोमल, रविकांत, सुधीर ओंकारा सहित अन्य अधिकारी शामिल थे। इस सहमति के बाद राजस्व विभाग के कार्यों के सुचारू संचालन की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था और आम जनता दोनों को राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page