गयाजी में 14 फरवरी को लगेगा जिला स्तरीय रोजगार मेला, युवाओं को मिलेगा करियर का सुनहरा अवसर
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 05 फरवरी 2026,
गया: बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तत्वावधान में अवर प्रादेशिक नियोजनालय, गयाजी की ओर से “गयाजी रोजगार मेला 2025–26” का आयोजन किया जा रहा है। यह जिला स्तरीय रोजगार मेला 14 फरवरी 2026 (शनिवार) को राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज, केंदुई, गयाजी के खेल मैदान में आयोजित होगा।
इस रोजगार मेले में गयाजी जिले के स्थानीय नियोजकों के साथ-साथ पूरे बिहार एवं देश के विभिन्न राज्यों से आई नामचीन निजी कंपनियां भाग लेंगी और युवाओं को अलग-अलग क्षेत्रों में रोजगार के अवसर प्रदान करेंगी। साथ ही मेले में विभिन्न विभागीय स्टॉल्स के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
20 से अधिक कंपनियां देंगी रोजगार के अवसर
रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, इंटर, आईटीआई, डिप्लोमा, ग्रेजुएट, बी.टेक, नर्सिंग, एमबीए सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों के लिए अवसर उपलब्ध होंगे। Paytm, Blinkit, Zomato, Utkarsh Small Finance Bank, SIS India, LIC (केवल महिला अभ्यर्थियों के लिए), Motherson Sumi, Zepto, Elite Foods, Shubhkamna Heart Hospital, Bodhi Emergency Hospital सहित कुल 20 से अधिक कंपनियां भाग लेंगी।
युवाओं के लिए सुनहरा मौका
इन कंपनियों के माध्यम से अभ्यर्थियों को ₹12,000 से ₹35,000 प्रतिमाह तक वेतन मिलने की संभावना है, जो कंपनी एवं पद के अनुसार अलग-अलग होगा। कार्यस्थल गया, बिहार, दिल्ली एनसीआर, बेंगलुरु, हैदराबाद, राजस्थान, हरियाणा, केरल सहित विभिन्न स्थानों पर होगा।
सरकारी योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी
रोजगार के अवसरों के साथ-साथ मेले में कृषि विज्ञान केंद्र, जन शिक्षण संस्थान, जिला उद्योग केंद्र, श्रम विभाग, DRCC, ITI, RSETI सहित अन्य विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां युवाओं को स्वरोजगार एवं सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
यह रोजगार मेला गयाजी एवं आसपास के जिलों के युवाओं के लिए एक बड़ा अवसर है, जहां वे सीधे कंपनियों से संपर्क कर अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि रोजगार मेले में भाग लेना पूर्णतः निःशुल्क है।