आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 06 दिसंबर 2025,
गयाजी। महिला एवं बाल विकास निगम गयाजी, प्रयास जैक संस्थान गयाजी एवं कवच परियोजना सेंटर डायरेक्ट स्वयंसेवी संस्था गयाजी के संयुक्त तत्वावधान में 06 दिसंबर 2025 को कोच प्रखंड के +2 आंती उच्च विद्यालय, अन्य विद्यालयों तथा विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर 100 दिवसीय बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत व्यापक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक, छात्र–छात्राओं तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपस्थित ग्रामीणों को बाल विवाह रोकथाम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। सभी बच्चों को बाल विवाह के दुष्परिणाम समझाए गए तथा बाल संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर 1098 एवं 112 के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
बच्चों और ग्रामीणों ने लिया संकल्प
सभी छात्र–छात्राओं ने सामूहिक रूप से शपथ ली कि—
🔹लड़कियों की शादी 18 वर्ष से पहले और लड़कों की शादी 21 वर्ष से पहले नहीं करेंगे।
🔹अपने समुदाय में बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता फैलाएंगे।
🔹यदि कहीं बाल विवाह होने की सूचना मिलेगी, तो तुरंत विद्यालय के प्रधानाध्यापक या संबंधित अधिकारियों को जानकारी देंगे।
ग्रामीणों ने भी यह संकल्प लिया कि वे अपने पंचायत और समुदाय को बाल विवाह मुक्त एवं बाल हितैषी पंचायत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएँगे।
अधिकारियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में डॉ. रश्मि वर्मा, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (ICDS) गया, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, कोच, जिला मिशन समन्वयक (DHEW), महिला एवं बाल विकास निगम गया के प्रतिनिधि, विद्यालय के शिक्षक–शिक्षिकाएँ, आंगनबाड़ी सेविकाएँ तथा ग्रामीणों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। अभियान का उद्देश्य बच्चों का भविष्य सुरक्षित करना और समाज को बाल विवाह जैसी कुप्रथा से मुक्त बनाना है।
