जिला समाहरणालय में डीएम ने लगाई झाडू ,चला स्वच्छता अभियान, “स्वच्छोत्तम” लक्ष्य के साथ श्रमदान व पौधारोपण
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 25 सितंबर 2025,
गयाजी। जिले में स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से आज जिला समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ श्रमदान’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस वर्ष अभियान का विषय “स्वच्छोत्तम” रखा गया है, जिसका तात्पर्य केवल स्वच्छ रहने से नहीं, बल्कि स्वच्छता में उत्कृष्टता प्राप्त करने से है।
श्रमदान और पौधारोपण से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत जिला पदाधिकारी समेत सभी अधिकारियों व कर्मियों द्वारा संयुक्त श्रमदान से हुई। इस दौरान सभी ने परिसर क्षेत्र में झाड़ू लगाई, इसके बाद “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत पौधा रोपण किया गया। परिसर में स्वच्छता शपथ दिलाई गई और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए स्वच्छता हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।
डीएम का संदेश : स्वच्छता है नैतिक दायित्व
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने कहा कि “स्वच्छता केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व और सामाजिक उत्तरदायित्व है।” उन्होंने महात्मा गांधी के विचार “स्वच्छता स्वतंत्रता से भी अधिक महत्वपूर्ण है” को उद्धृत करते हुए कहा कि आज माननीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में स्वच्छ भारत मिशन और स्वच्छता ही सेवा अभियान ने पूरे देश में जनांदोलन का रूप ले लिया है।
त्योहारों पर भी रखें स्वच्छता का ध्यान
डीएम ने दुर्गा पूजा, दीपावली और छठ जैसे बड़े पर्व-त्योहारों के अवसर पर विशेष रूप से स्वच्छता का ध्यान रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थल तभी स्वच्छ रहेंगे जब हम सभी मिलकर जिम्मेदारी निभाएँगे।
जिले को “स्वच्छोत्तम” बनाने का संकल्प
अंत में डीएम ने सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से आग्रह किया कि मिलकर इस अभियान को सफल बनाएँ और हमारे जिले को ‘स्वच्छोत्तम’ बनाने में योगदान दें।
प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी
इस अवसर पर डॉ. सूरज कुमार (आईएएस), निखिल कुमार (यूनिसेफ), डीआरडीए डायरेक्टर, जिला समन्वयक सुधीर कुमार, जिला सलाहकार जितेंद्र कुमार, मिथिलेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।