गया कॉलेज में 27 अगस्त को होगा ‘खेलो इंडिया संवाद’, प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद होगा युवा संवाद
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 25 अगस्त 2026
गयाजी: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त 2026 को गया कॉलेज, गयाजी में ‘खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात, प्रधानमंत्री के साथ’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में खेल के प्रति जागरूकता बढ़ाने, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा युवा नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को मजबूत करना है।
प्रधानमंत्री के संबोधन का होगा सीधा प्रसारण
गया कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र के मार्गदर्शन में होने वाले कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं, एनएसएस स्वयंसेवकों, युवा प्रतिभागियों एवं स्थानीय खिलाड़ियों की भागीदारी होगी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, देशभर में 1,500 से अधिक शैक्षणिक संस्थानों और करीब 1,600 केंद्रों पर इस पहल का आयोजन किया जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में युवा एक साथ जुड़ेंगे।
खेल और राष्ट्र निर्माण पर होगा युवा संवाद
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद गया कॉलेज में स्थानीय युवा संवाद का आयोजन होगा। इसमें खिलाड़ियों एवं युवाओं के साथ खेलों के विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
संवाद में खेल अवसंरचना एवं स्पोर्ट्स इकोसिस्टम को मजबूत करने, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं की पहचान एवं विकास, युवा नेतृत्व, शासन में युवाओं की भागीदारी तथा विकसित भारत के लिए युवाओं के सशक्तीकरण जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा।
युवाओं को MY Bharat से जोड़ने की पहल
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, सुझाव और विचार साझा करने का अवसर मिलेगा। युवाओं को MY Bharat Portal से जुड़ने तथा Viksit Bharat Young Leaders Dialogue Quiz में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री समेत कई प्रमुख अतिथि होंगे शामिल
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा मगध विश्वविद्यालय के कुलपति दिलीप कुमार केसरी, राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ. पिंटू कुमार, खेल जगत से जुड़े प्रमुख अतिथि तथा जिला प्रशासन की ओर से जिला खेल प्रभारी नेहा कुमारी, डिप्टी कलेक्टर गयाजी की उपस्थिति रहेगी।
कार्यक्रम के आयोजन में एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. राजेश कुमार मिश्र सहित कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवक एवं विद्यार्थी सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
प्राचार्य ने खेल परिसर के अतिक्रमण पर जताई चिंता
गया कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्र ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता विकसित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व, टीम भावना और राष्ट्र निर्माण की भावना भी विकसित करता है। उन्होंने कहा कि गया कॉलेज खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवाओं को खेल एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।
हालांकि, प्राचार्य ने कॉलेज के खेल परिसर में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण खेल परिसर में खेल गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के आयोजन में बाधा उत्पन्न हो रही है। ऐसे में खेलों को बढ़ावा देने के प्रयासों के साथ खेल परिसर को अतिक्रमणमुक्त और व्यवस्थित रखना भी जरूरी है।
प्राचार्य ने कॉलेज के सभी विद्यार्थियों एवं युवाओं से कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की।
