मंडई वीयर परियोजना: रैयतों को अब तक ₹27.05 करोड़ मुआवजा भुगतान
आर्यावर्त वाणी | जहानाबाद | 17 फरवरी 2026,
जहानाबाद। जिले में मंडई वीयर (Weir) परियोजना की प्रगति को लेकर डीएम अलंकृता पांडे की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ परियोजना की वर्तमान स्थिति, मुआवजा भुगतान एवं लंबित प्रक्रियाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
कुल ₹56 करोड़ मुआवजा प्रस्तावित, आधे से अधिक का भुगतान
जिला भू-अर्जन पदाधिकारी ने बताया कि मंडई वीयर परियोजना के अंतर्गत कुल ₹56 करोड़ रैयतों/भू-स्वामियों को मुआवजा भुगतान किया जाना है। जिसमें अब तक ₹27.05 करोड़ की राशि रैयतों को भुगतान की जा चुकी है। शेष राशि का भुगतान प्रक्रियाधीन है। जिलाधिकारी ने भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बंधुगंज मौजा में नियमित कैम्प का निर्देश
बैठक में जिलाधिकारी ने जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को बंधुगंज मौजा में नियमित रूप से कैम्प आयोजित कर लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान पाया गया कि अंचल अधिकारी, मोदनगंज के पास 121 एल.पी.सी. (Land Possession Certificate) निर्गत करने के लिए लंबित हैं। जिलाधिकारी ने इन्हें अविलंब जारी करने का निर्देश दिया।
बकास्त भूमि एवं सरकारी भूमि हस्तांतरण पर कार्रवाई
भूमि सुधार उप समाहर्ता को निर्देशित किया गया कि मंडई वीयर परियोजना अंतर्गत बकास्त भूमि से संबंधित प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र रैयतीकरण किया जाए। साथ ही अंचल अधिकारी, मोदनगंज को परियोजना से प्रभावित सरकारी भूमि के स्थानांतरण की प्रक्रिया तत्काल प्रारंभ करने का निर्देश दिया गया।
सिंचाई प्रमंडल को भी निर्देश
बैठक में कनीय अभियंता, सिंचाई प्रमंडल, घोषी को प्राथमिकता के आधार पर कार्य क्षेत्र के खेसरा से संबंधित हितबद्ध रैयतों के एल.पी.सी. आवेदन अंचल कार्यालय में जमा कराने का निर्देश दिया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मंडई वीयर परियोजना से जुड़े सभी मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि रैयतों को शीघ्र लाभ मिल सके और परियोजना कार्य में बाधा न आए।