महाबोधि कॉरिडोर निर्माण को लेकर मंथन, बोधगया को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी, डीएम की अध्यक्षता में स्टेकहोल्डर्स संग हुई अहम बैठक

0
1769711941065.jpg
Spread the love

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 29 जनवरी 2026,

गयाजी; बोधगया महाबोधि मंदिर एवं उसके आसपास के क्षेत्रों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से प्रस्तावित महाबोधि कॉरिडोर निर्माण को लेकर प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर की अध्यक्षता में बोधगया बीटीएमसी सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बोधगया विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक, नगर परिषद अध्यक्ष, बीटीएमसी सचिव, होटल एवं टूर एंड ट्रैवल एसोसिएशन, मठाधीश, टूरिस्ट गाइड एसोसिएशन, वार्ड पार्षदों सहित तमाम स्टेकहोल्डर्स ने भाग लिया।

बैठक का उद्देश्य महाबोधि कॉरिडोर के निर्माण को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श कर जमीनी सुझाव एकत्रित करना था, ताकि उन्हें रिपोर्ट में शामिल कर एक बेहतर और व्यावहारिक विकास योजना तैयार की जा सके।

महाबोधि मंदिर केंद्र में रखकर बनेगा डेवलपमेंट प्लान

जिला पदाधिकारी ने बताया कि महाबोधि मंदिर को केंद्र बिंदु मानते हुए पूरे बोधगया क्षेत्र का समग्र डेवलपमेंट प्लान तैयार किया जा रहा है। कॉरिडोर के डिजाइन में इस बात का विशेष ध्यान रखा जा रहा है कि बोधगया को विश्व स्तर के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके, साथ ही स्थानीय लोगों को रोजगार, व्यापार और सुविधाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिले। उन्होंने कहा कि जब कोई पर्यटक एयरपोर्ट से बोधगया पहुंचता है, तो पूरे सफर के दौरान उसे एक सकारात्मक और आध्यात्मिक अनुभव मिले इस दिशा में पहले चरण में विशेष कार्य किए जाएंगे।

पार्किंग, फूड जोन और पैदल पथ पर विशेष फोकस

कॉरिडोर के अंतर्गत
🔹नोड-01 पर आधुनिक पार्किंग व्यवस्था,
🔹नोड-02 एवं अन्य स्थानों पर फूड जोन,
🔹मंदिर के पीछे भी विशेष विकास कार्य,
🔹पैदल मार्गों पर भगवान बुद्ध के विचारों और जीवन दर्शन की जानकारी देने की व्यवस्था की जाएगी।
साथ ही जयप्रकाश उद्यान के सौंदर्यीकरण, नदी की ओर घाटों के निर्माण और छठ पूजा के लिए सुविधाजनक घाट विकसित करने की योजना भी तैयार की जा रही है।

रेस्टोरेंट, शौचालय और पेयजल की होगी पर्याप्त व्यवस्था

पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए अच्छे रेस्टोरेंट, विभिन्न देशों के व्यंजन परोसने वाले फूड आउटलेट, पर्याप्त संख्या में शौचालय एवं पेयजल की व्यवस्था को कॉरिडोर प्लान में शामिल किया गया है। फल एवं सब्जी विक्रेताओं के लिए भी व्यवस्थित दुकानों का निर्माण प्रस्तावित है।

डबल लेन सड़क, साइनेज और मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पताल

फल्गु नदी के रिवर साइड रोड से बोधगया तक डबल लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। पटना से आने वाले यात्रियों के लिए दो मोहान के पास बड़े साइनेज लगाने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा बोधगया में मल्टी स्पेशलिस्ट अस्पताल के निर्माण का भी प्रस्ताव है।

महाबोधि मंदिर में दर्शन व्यवस्था होगी सुगम

महाबोधि मंदिर में दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानियों को दूर करने के लिए पांच बड़े प्रवेश एवं निकास द्वार बनाए जाएंगे, जिससे श्रद्धालु आसानी से एंट्री और एग्जिट कर सकें। इस बिंदु को भी महाबोधि कॉरिडोर योजना में शामिल किया गया है।

आर्ट एंड हैंडक्राफ्ट को मिलेगा नया मंच

डीएम ने बताया कि जिले की पारंपरिक हस्तशिल्प—पत्थर कट्टी, गम्हार लकड़ी, तार पेड़ के पत्तों से बनी वस्तुओं सहित अन्य हस्तनिर्मित सामग्रियों के लिए ‘आर्ट क्राफ्ट विलेज’ विकसित किया जाएगा। इससे स्थानीय कारीगरों को अपनी कला प्रदर्शित करने और बेचने का बेहतर मंच मिलेगा।

फल्गु नदी किनारे बनेगा ग्रीन पार्क और मेडिटेशन जोन

बाईपास फल्गु नदी से लेकर बोधगया रिवरसाइड महाबोधि मंदिर तक ग्रीन पार्क विकसित किया जाएगा, जिसमें आकर्षक प्लांटेशन होगा। यहां पर्यटक पैदल भ्रमण और ध्यान (मेडिटेशन) का लाभ ले सकेंगे। नदी किनारे बसे गांवों के सामने अलग-अलग छठ घाटों का निर्माण भी योजना में शामिल है।

स्टेकहोल्डर्स के सुझाव किए गए नोट

बैठक के दौरान बोधगया विधायक सहित विभिन्न स्टेकहोल्डर्स ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन्हें प्रशासन द्वारा नोट किया गया। इन सुझावों को अंतिम रिपोर्ट में शामिल कर कॉरिडोर का विस्तृत प्लान तैयार किया जाएगा।

अधिकारी एवं विशेषज्ञ रहे मौजूद

बैठक में प्रोजेक्ट मैनेजर साक्षी गोदारा, अर्बन डिजाइनर नवनीत राज, आर्किटेक्ट नेहा माथुर, अपर समाहर्ता राजस्व, सहायक समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, जिला पर्यटन पदाधिकारी, बीटीएमसी सचिव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में बोधगया के स्टेकहोल्डर्स उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page