गया कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग में पिंक बस सेवा का शुभारंभ, छात्राओं की सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक पहल
आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 27 जनवरी 2026,
गयाजी; गया कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग परिसर से मंगलवार को बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (बीएसआरटीसी), गयाजी द्वारा संचालित पिंक बस सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजन सरकार, अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) केशव आनंद, जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) राजेश कुमार एवं महिला छात्रावास की वार्डन ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया।
बच्चियों को इस सेवा से बहुत सुविधा होगी उन्हें गयाजी जाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा साथ ही खिजरसराय के कार्यालयों में काम करने वाली महिलाओं को जो गयाजी शहर में रहती है उनके लिए भी बहुत सहूलियत होगी। महिलाएं और बच्चियां सुरक्षा के साथ अपना सफर पूरा कर सकेंगी साथ ही बस का किराया भी काफी कम रखा गया है जो काफी अफोर्डेबल है।
केशव आनंद, एसडीएम निमचक बथानी,
यह पिंक बस सेवा विशेष रूप से गया कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग की छात्राओं एवं महिला कर्मियों के लिए शुरू की गई है। सेवा के तहत ग्रामीण क्षेत्रों से गया शहर, रेलवे स्टेशन, रामशीला, खिजरसराय सहित प्रमुख स्थानों तक प्रतिदिन तीन फेरे में सुरक्षित, सुलभ और समयबद्ध परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस पहल के साथ गया कॉलेज ऑफ़ इंजीनियरिंग बिहार का पहला सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज बन गया है, जहाँ छात्राओं के लिए विशेष पिंक बस सेवा की व्यवस्था की गई है। इसे महिला सुरक्षा, शिक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं सराहनीय कदम माना जा रहा है।
शुरुआत हो रहे इस पिंक बस में सभी सीटों पर चार्जिंग की व्यवस्था की गई है जिस से महिलाएं अपने लैपटॉप या मोबाइल चार्ज कर सकती है, साथ में इस बस में सैनिटरी पैड की भी व्यवस्था है ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं मात्र 5 रुपए देकर इस सेवा का लाभ उठा सकती है।
क्षेत्रीय प्रबंधक, बीएसआरसीटीसी
कॉलेज की छात्राओं ने इस पहल के लिए प्रधानाचार्य डॉ. राजन सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे हमेशा छात्राओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर संवेदनशील रहे हैं। छात्राओं का कहना है कि पिंक बस सेवा उनकी सकारात्मक सोच और दूरदर्शी नेतृत्व का परिणाम है।
आज से पिंक बस की शुरुआत की जा रही है जो गया स्टैंड रेलवे स्टेशन से रामशिला, बुनियादगंज,गया इंजीनियरिंग कॉलेज होते हुए खिजरसराय बाना मोड़ तक जाएगी और पुनः इसी रास्ते से वापस आएगी, अभी ये बस रोज 3 फेरे लगाएगी।
राजेश कुमार, डीटीओ गयाजी,
एक छात्रा ने कहा कि प्राचार्य के नेतृत्व में कॉलेज में छात्राओं के लिए लगातार बेहतर सुविधाएँ विकसित की जा रही हैं, जिससे सुरक्षा और आत्मविश्वास की भावना मजबूत हुई है। यह पहल कॉलेज प्रशासन द्वारा छात्राओं की वास्तविक समस्याओं को समझने और उनका समाधान करने का प्रमाण है।
महिला छात्रावास की अधीक्षक प्रो. गरिमा ने इस पहल को अत्यंत सराहनीय बताते हुए कहा कि यह सेवा महिला शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों के लिए भी सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि समयबद्ध परिवहन सुविधा से कार्यक्षमता और आत्मविश्वास दोनों में वृद्धि होगी।
इस अवसर पर बिहार राज्य पथ परिवहन निगम, गयाजी की ओर से कॉलेज प्रशासन एवं जिला प्रशासन के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया। निगम ने इस पहल को महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक, प्रभावी एवं अनुकरणीय मॉडल बताया।
पिंक बस सेवा के शुभारंभ से कॉलेज की छात्राओं एवं महिला स्टाफ में विशेष उत्साह देखा गया और इसे एक ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायी कदम के रूप में सराहा गया।