डेल्हा थाना क्षेत्र से लापता चार किशोरियां दिल्ली से  सकुशल बरामद

0
image_search_1768930356951.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 20 जनवरी 2026,

गयाजी; जिला पुलिस ने त्वरित, संवेदनशील और कुशल कार्रवाई करते हुए डेल्हा थाना क्षेत्र से लापता चार नाबालिग सहेलियों को प्राथमिकी दर्ज होने के मात्र 48 घंटे के भीतर देश की राजधानी दिल्ली से सकुशल बरामद कर लिया है। इस सफलता से जहां परिजनों ने राहत की सांस ली है, वहीं आमजन में गयाजी पुलिस के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ है।

मामले की शुरुआत 16 जनवरी 2026 को हुई, जब डेल्हा थाना क्षेत्र के एक स्कूल में पढ़ने वाली चार नाबालिग सहेलियां सुबह करीब 10 बजे घर से स्कूल जाने अथवा मैट्रिक परीक्षा का एडमिट कार्ड लेने के नाम पर निकलीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला तो डेल्हा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।

शिकायत के आधार पर डेल्हा थाना कांड संख्या 12/26, दिनांक 17 जनवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक, गयाजी सुशील कुमार के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में नगर पुलिस उपाधीक्षक नगर-02, गया के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया। इस टीम में डेल्हा थानाध्यक्ष, अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी तथा तकनीकी शाखा, गयाजी को शामिल किया गया।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement

तकनीकी अनुसंधान के क्रम में पुलिस को पहले सूचना मिली कि सभी किशोरियां बक्सर में हैं। जब पुलिस टीम वहां पहुंची तो पता चला कि वे ट्रेन के माध्यम से दिल्ली चली गई हैं। इसके बाद बिना विलंब किए एसआईटी और तकनीकी टीम दिल्ली पहुंची और राजधानी क्षेत्र से चारों नाबालिग किशोरियों को सकुशल बरामद कर लिया।

बरामदगी के दौरान पुलिस भी उस समय हैरान रह गई, जब पाया गया कि चार में से दो किशोरियां लड़कों की वेशभूषा में थीं। पूछताछ में किशोरियों ने बताया कि वे गयाजी से घूमने के उद्देश्य से घर से निकली थीं और आपसी सहमति से पहले बक्सर और फिर दिल्ली चली गई थीं। किशोरियों ने किसी प्रकार के अपहरण से साफ इनकार किया।

सभी बरामद किशोरियों को उनके परिजनों के साथ डेल्हा थाना लाया गया है। टाउन डीएसपी-2 धर्मेंद्र भारती ने मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि चारों नाबालिगों का बयान न्यायालय में दर्ज कराया जाएगा, जिसके बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

गयाजी पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की चारों ओर सराहना हो रही है। समय रहते कार्रवाई कर पुलिस ने एक संभावित गंभीर घटना को टाल दिया, जिससे समाज में सुरक्षा की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page