फार्मर रजिस्ट्री अभियान हुआ तेज, डीएम व अपर समाहर्ता ने किया कैम्पों का निरीक्षण

0
1767866130401.jpg
Share with

आर्यावर्त वाणी | गयाजी | 07 जनवरी 2026,


गयाजी; जिले में डिजिटल कृषि मिशन के तहत किसानों के पंजीकरण (फार्मर रजिस्ट्री) का कार्य व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा  है। इस क्रम में जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर एवं अपर समाहर्ता (राजस्व) परितोष कुमार द्वारा फार्मर रजिस्ट्री कैम्पों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

दो चरणों में 311 कैम्पों का संचालन

जिले के सभी 22 प्रखंडों की प्रत्येक पंचायत में फार्मर रजिस्ट्री के लिए कुल 311 कैम्प दो चरणों में लगाए जा रहे हैं। प्रथम चरण का आयोजन 06 जनवरी से 09 जनवरी तक किया जा रहा है, जबकि द्वितीय चरण 18 जनवरी से 21 जनवरी तक निर्धारित है।

ई-केवाईसी व भूमि दस्तावेजों का सत्यापन

फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से पात्र किसानों का ई-केवाईसी एवं भूमि संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन कर फार्मर आईडी तैयार की जा रही है। प्रत्येक कैम्प में प्रखंड कृषि पदाधिकारी, पंचायत कृषि समन्वयक, प्रखंड तकनीकी प्रबंधक, सहायक तकनीकी प्रबंधक, किसान सलाहकार एवं राजस्व विभाग के कर्मी उपस्थित रहकर किसानों का पंजीकरण कर रहे हैं।

अब तक 23,022 किसानों का पंजीकरण

खबर भेजे जाने तक जिले में कुल 23,022 किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री कराई है, जिनमें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के 15,775 लाभुक शामिल हैं। अभियान के दौरान एक दिन में 1,717 किसानों का पंजीकरण भी किया गया।

लगातार निरीक्षण, त्वरित समाधान के लिए QRT गठित

जिला प्रशासन द्वारा फार्मर रजिस्ट्री कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने के लिए लगातार कैम्पों का निरीक्षण किया जा रहा है। अपर समाहर्ता (राजस्व) परितोष कुमार, जिला कृषि पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अनुमंडल कृषि पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारियों द्वारा भी कैम्पों का निरीक्षण किया गया। तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यालय स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया टीम (QRT) का गठन किया गया है।

पीएम किसान की 22वीं किस्त के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 22वीं किस्त का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर रजिस्ट्री कराना अनिवार्य है। जो किसान फार्मर रजिस्ट्री नहीं कराएंगे, वे योजना के लाभ से वंचित रह जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

You cannot copy content of this page